धनबाद- झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे शिक्षक दंपती रविवार को सड़क हादसे का शिकार हो गये. निरसा थाना क्षेत्र के गोपालगंज मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में सरकारी शिक्षक अशरफ अली (36) गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी खातून को भी चोटें आयीं. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अशरफ अली को मृत घोषित कर दिया.
उनकी पत्नी का इलाज जारी है. इस हादसे के बाद भागने के दौरान पिकअप चालक ने एक अन्य बाइक सवार को भी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जानकारी के अनुसार, अशरफ अली और उनकी पत्नी जाह्नवी खातून रविवार को धनबाद के सिटी पब्लिक स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र में जेटेट की परीक्षा देने आये थे. परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से बराकर स्थित अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान निरसा के गोपालगंज मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े. अशरफ अली को गंभीर चोटें आयीं. स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां अशरफ को मृत घोषित कर दिया गया.
इसी दौरान पिकअप चालक ने एक अन्य बाइक सवार अक्षय चक्रवर्ती को भी अपनी चपेट में ले लिया. अक्षय टाइल्स और मार्बल का काम करते हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जाता है कि वह दोपहर का खाना खाने के लिए घर लौट रहे थे. पिकअप की टक्कर से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गये. उनके सिर और कमर में चोटें आयी हैं. उन्हें भी एसएनएमएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
बताया जाता है कि अशरफ अली मूल रूप से पश्चिम बंगाल के 24 परगना के रहने वाले थे. उनकी पोस्टिंग निरसा में सरकारी शिक्षक के रूप में थी, जबकि पत्नी जाह्नवी खातून की पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में थी. दोनों बराकर क्षेत्र में किराये के मकान में रहते थे.
पदोन्नति के उद्देश्य से दोनों जेटेट की परीक्षा देने धनबाद आये थे. परीक्षा देकर लौटने के दौरान हुए हादसे का दोनों शिकार हो गए .








