बेगूसराय- बिहार के बेगूसराय में ग्रामीणों ने सड़कों में गड्ढों को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है. पर्रा पंचायत की पर्रा-सरौंजा मुख्य सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों का ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के नाम पर नामकरण कर दिया.
दरअसल, शनिवार को सड़क की जर्जर स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को ‘विधायक कुंदन कुमार कुंड’, ‘सांसद गिरिराज सिंह कुंड’ और ‘मंत्री शैलेंद्र कुमार कुंड’ का नाम दिया गया. ग्रामीणों का यह व्यंग्यात्मक प्रदर्शन इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
सामाजिक कार्यकर्ता ऋषभ कुमार ने बताया कि पूर्व विधायक अमिता भूषण के कार्यकाल में इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन वर्ष 2020 के बाद से पिछले छह वर्षों में सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. हल्की बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है. दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ पर्रा पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में प्रस्तुत किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ पंचायत की मुख्य सड़क की बदहाली विकास के दावों की हकीकत बयां कर रही है.
ग्रामीण पप्पू सहनी ने जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने के लिए गांव पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनता की बुनियादी समस्याओं को भुला दिया जाता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
फिलहाल, ग्रामीणों ने इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान सड़क की बदहाली की ओर आकृष्ट कराया है. अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों के इस व्यंग्यात्मक विरोध के बाद जिम्मेदार लोगों की नींद खुलती है या फिर पर्रा-सरौंजा सड़क की तस्वीर यूं ही बदहाल बनी रहती है.








