समस्तीपुर- बिहार के समस्तीपुर में मुखिया ने आत्मदाह की कोशिश की है. जिले के सरायरंजन प्रखंड के मेयारी पंचायत के मुखिया बिरजू राय ने समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार पर खुल को जलाने का प्रयास किया. हालांकि जैसे ही उन्होंने खुद पर डीजल छिड़का, वहां मौजूद सुरक्षा बल के जवानों ने आत्मदाह करने से रोक दिया.
मुखिया बिरजू राय पिछले काफी समय से अपनी पंचायत के अंतर्गत श्मशान के लिए निर्धारित या विवादित भूमि पर इस प्रशासनिक भवन के निर्माण का पुरजोर विरोध कर रहे थे.
उनका आरोप है कि इस संवेदनशील और जनहित से जुड़े मामले को लेकर उन्होंने पूर्व में भी जिला स्तर के तमाम वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों से लेकर देश के महामहिम राष्ट्रपति तक को लिखित आवेदन भेजकर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशासनिक स्तर पर उनकी शिकायतों और आपत्तियों को लगातार नजरअंदाज करने और कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आहत होकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया.
हालांकि, प्रशासन को इस तरह के संभावित विरोध प्रदर्शन की भनक पहले ही लग चुकी थी. जिस वजह से समाहरणालय परिसर के भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के बावजूद मुखिया किसी तरह परिसर के भीतर दाखिल होने में कामयाब रहे. समाहरणालय परिसर पहुंचकर उन्होंने अपने शरीर पर डीजल उड़ेल लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इससे पहले कि वे माचिस की तीली जलाकर आग लगा पाते, वहां मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने बिना एक पल गंवाए उन्हें पीछे से दबोच लिया और आत्मदाह करने से रोक दिया. इस मामले को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है.








