गया- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को गयाजी से बैंकॉक के बीच इंडिगो एयरलाइंस की पहली सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह उड़ान सप्ताह में दो दिन संचालित होगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नए हवाई मार्ग से पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इससे विशेष रूप से मगध क्षेत्र को लाभ होगा और बिहार की अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी.
मुख्यमंत्री ने सहयोग के लिए इंडिगो एयरलाइंस का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए सहयोग और समन्वय को लगातार प्रोत्साहित करती रहेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पटना, दरभंगा, गया और पूर्णिया हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई संपर्क का विस्तार करने की दिशा में काम कर रही है.
इसके साथ ही नए अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर सेवाएं शुरू करने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं. इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
सम्राट चौधरी ने अपन एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा, “लोक सेवक आवास से गयाजी और बैंकॉक के बीच इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा का शुभारंभ किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस नई हवाई सेवा से बिहार की अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी. साथ ही पर्यटन को बढ़ावा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.”








