पटना- जिले के बिक्रम के रानीतालाब थाना क्षेत्र स्थित जीतन छपरा गांव में शनिवार सुबह करीब 10 बजे डेढ़ साल के बच्चे की हत्या की घटना सामने आई. मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है.
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर रानीतालाब थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
ग्रामीणों के अनुसार, रंजू यादव का 21 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार शनिवार सुबह अपने छोटे भाई मनीष कुमार को खेलने के बहाने घर से ले गया था. आरोप है कि वह बच्चे को गांव के दुर्गा मंदिर में ले गया, जहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी. इसके बाद वह बच्चे के शव को गमछे में लपेटकर घर ले आया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों के अनुसार, बच्चे का शव घर पहुंचने के बाद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई. रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जुटने लगे. घटना की जानकारी फैलने के बाद आरोपी के घर और दुर्गा मंदिर के आसपास लोगों की भीड़ लग गई. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
पुलिस ने घटनास्थल से धारदार हथियार जब्त किया है. बताया गया है कि इसी हथियार का इस्तेमाल कथित तौर पर वारदात में किया गया. पुलिस ने गांव के दुर्गा मंदिर को सील कर दिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है. बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है.
मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी पालीगंज-2 पंकज कुमार, रानीतालाब थानाध्यक्ष और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करने में जुटी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








