समस्तीपुर- बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बाजिदपुर बम्बैया वार्ड संख्या चार स्थित बेलसंडी डीह गांव में गुरुवार की देर शाम एक रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. स्थानीय निवासी बंशीधर मिश्र के दरवाजे पर अचानक आसमान से डिजिटल लाइट से चमकता हुआ एक अज्ञात उपकरण गिरा.
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत और उत्सुकता का माहौल बन गया. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे. उपकरण पर ‘मेड इन कोरिया’ लिखा देख लोगों का डर और बढ़ गया. कोई इसे जासूसी उपकरण बता रहा था तो कोई कुछ और कयास लगा रहा था.
ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय थाने को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना देर किए चमकते उपकरण को अपने कब्जे में ले लिया और सुरक्षित थाने ले आई. थाने में पदस्थापित दारोगा अरसद इमाम अंसारी के अनुसार, यह संदिग्ध उपकरण भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रेडियोसोंड जैसा प्रतीत होता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने स्पष्ट किया कि उपकरण पूरी तरह सुरक्षित है और इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है. अधिकारियों ने इसमें लगी बैटरी को सुरक्षित बाहर निकाल दिया है. मामले की सूचना संबंधित मौसम विज्ञान विभाग को भी दे दी गई है.
मौसम विभाग से पुष्टि होने के बाद ही उपकरण के बारे में अंतिम जानकारी सामने आएगी. फिलहाल पुलिस ने इसे सुरक्षित रख लिया है और आगे की कार्रवाई विभाग के निर्देशानुसार की जाएगी.








