गया- बिहार के गया में दारोगा के दो बेटों पर गोली चलाने वाले अपराधियों का हाफ एनकाउंटर हो गया है. मुफस्सिल थाना अंतर्गत बिच्छी गांव में अभियुक्तों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की विशेष टीम पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस और एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अभियुक्तों के पैरों में गोलियां लगी.
घायल अभियुक्तों की पहचान श्याम बिहारी और गौरव उर्फ काला के रूप में हुई है. दोनों मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी कॉलोनी के रहने वाले हैं. पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है.
हत्याकांड के बाद कई अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. इसी क्रम में विशेष टीम बिच्छी गांव पहुंची थी. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गोलियां चला दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि दारोगा के बेटों को गोली मारने वाले अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गांव पहुंची थी. अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, तो पुलिस और एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्त घायल हो गए. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
बता दें मामला बीते 19 अक्टूबर का है. मुफस्सिल थाना अंतर्गत नौरंगा में दारोगा सुधांशु शेखर के दो बेटों पर अपराधियों ने फायरिंग की थी. इस हमले में बड़े बेटे रानू शेखर की मौत हो गई, जबकि छोटे बेटे मोनू शेखर की हालत गंभीर बनी हुई है. सुधांशु शेखर फिलहाल मोतिहारी में पदस्थापित हैं.
दिलचस्प बात यह है कि घायल अभियुक्त श्याम बिहारी के पिता रिटायर्ड दारोगा हैं. घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी है और बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. जांच में आगे और खुलासे होने की उम्मीद है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








