बेगूसराय- निगरानी विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेगूसराय स्थित वाणिज्य कर (सेल टैक्स) कार्यालय में पदस्थापित असिस्टेंट कमिश्नर और डाटा ऑपरेटर को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा ऑपरेटर संतोष कुमार झा के रूप में की गई है. इन दोनों पर शिकायतकर्ता से काम के एवज में अवैध रूप से रिश्वत की मांग करने और लेने का गंभीर आरोप है.
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ नगर स्थित कृष्णा मार्केट में रोजी गारमेंट्स नाम से दुकान संचालित होती है. इसी दुकान के प्रोपराइटर ज्योति कुमार ने निगरानी विभाग में इस मामले को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके कार्य को निष्पादित करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले पूरे मामले का गोपनीय सत्यापन कराया.
सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपियों को रंगे हाथ दबोचने की सुनियोजित योजना बनाई. मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम निर्धारित योजना के तहत सीधे सेल टैक्स कार्यालय पहुंच गई.
आरोप है कि इसी दौरान 25 हजार रुपये की रिश्वत का लेन-देन किया जा रहा था, जिसमें रकम 500-500 रुपये के नोटों के रूप में थी. बताया जा रहा है कि जैसे ही आरोपियों को निगरानी टीम की भनक लगी, उन्होंने हड़बड़ी में रिश्वत की रकम को खिड़की के बाहर फेंक दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि, सतर्क निगरानी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में ले लिया और मौके से तमाम संबंधित साक्ष्य जुटाए.








