रांची- राजधानी रांची के न्यू पुंदाग ओपी क्षेत्र के श्रीराम पथ स्थित एक मकान में युवती ने आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान विजयश्री नायक के रूप में हुई है. वह बेंगलुरु की कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती थी. मामले को लेकर युवती के पिता ने तीन पर नामजद एफआईआर दर्ज कराई है.
बेटी के आत्महत्या के बाद उसके पिता विजय शंकर नायक ने पुंदाग ओपी में लिखित शिकायत की है. जिसमें उन्होंने अंजन चौधरी और उसके माता-पिता ललन प्रसाद चौधरी व रीता चौधरी समेत एक अज्ञात व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
पुलिस को दिए आवेदन में विजयश्री नायक के पिता ने बताया है कि उनकी बेटी बेंगलुरु में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी. शादी को लेकर उसकी बातचीत अंजन चौधरी से चल रही थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पिता के अनुसार 14 सितंबर 2026 को अंजन ने फोन पर साफ कह दिया कि अब उन दोनों की शादी नहीं होगी. इसके बाद विजयश्री ने शादी हो जाए इसके लिए कई बार कोशिश की और अंजन को समझाने का प्रयास किया. लेकिन आरोप है कि अंजन ने शादी से साफ इनकार कर दिया.
इस के बाद विजयश्री काफी मानसिक तनाव में आ गई थी. विजयश्री के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अंजन चौधरी और उसके परिवार की ओर से शादी के मामले में दहेज की मांग की जा रही थी. उनका आरोप है कि शादी को लेकर पहले भी अंजन की ओर से रिश्ता तोड़ने की कोशिश की गई थी और बाद में फिर शादी से इनकार कर दिया गया.
पुलिस को दिए आवेदन में शादी की तैयारियों से जुड़े खर्च का भी उल्लेख किया गया है. पिता के अनुसार, शादी की तैयारी के लिए एक लाख रुपये एडवांस के रूप में गूगल-पे के माध्यम से दिए गए थे. इसके बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन बाद में रिश्ता टूटने की स्थिति बन गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि विजयश्री की ओर से छोड़े गए कथित सुसाइड नोट की प्रति उपलब्ध है. उन्होंने पुलिस से नोट की मूल प्रति और हस्तलेख की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है. साथ ही नोट में जिन लोगों, घटनाओं और कथित पैसों/दहेज की मांग का उल्लेख है, उसकी भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है.








