धनबाद- अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार को 1 करोड़ रुपये रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है.
आरोप है कि 14 सितंबर को सीओ को फोन और व्हाट्सऐप के जरिए धमकी दी गई थी. इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर एक बैंक खाते में 1 करोड़ रुपये जमा करने की मांग भी की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ की शिकायत पर धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पंकज कुमार दास को राजगंज से पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, मामले से जुड़े मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप बातचीत और बैंक खाते की भी जांच की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया है. पंकज कुमार दास के मुताबिक, वह जाति प्रमाण पत्र बनवाने के सिलसिले में अंचल कार्यालय गया था, लेकिन उसका काम नहीं हुआ.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि जमीन से जुड़े मामले में उसे अपने मामा से करीब 90 लाख रुपये मिलने थे. इसी रकम को लेकर मामा से विवाद था. आरोपी के अनुसार, मामा को सबक सिखाने के इरादे से उसने सीओ को धमकी दी और कथित तौर पर मामा का बैंक खाता नंबर दे दिया.
अब पुलिस आरोपी के दावे और शिकायत में लगाए गए आरोप, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है. मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों के साथ बैंक खाते से जुड़े लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








