धनबाद- पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से मिले दो मोबाइल फोन की जांच में देश के अलग-अलग हिस्सों से साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी 53 शिकायतें NCRP पोर्टल पर दर्ज मिली हैं.
मामले की जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी प्रभारी प्रकाश कुमार साव ने बताया कि 27 सितंबर की शाम NCRP पोर्टल के माध्यम से पुलिस को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से साइबर अपराध किए जाने की सूचना मिली थी.
तकनीकी जांच के दौरान मोबाइल की लोकेशन पांडरपाला दास बस्ती में सामने आई. इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर इलाके में छापेमारी की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार, टीम जब संदिग्ध ठिकाने पर पहुंची तो एक युवक पुलिस को देखकर वहां से भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान उसकी पहचान पांडरपाला दास बस्ती निवासी राहुल कुमार दास के तौर पर हुई है.
इसके बाद पुलिस ने उसके पास मौजूद दोनों मोबाइल फोन की जांच की. जांच में NCRP पोर्टल पर साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 53 शिकायतों का रिकॉर्ड सामने आया.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान राहुल ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेने और साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
फिलहाल पुलिस NCRP पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किन-किन मामलों में शामिल रहा है और ठगी से जुड़े नेटवर्क में उसके साथ और कौन लोग जुड़े हैं.








