लातेहार- लातेहार के परसही गांव में एक 16 वर्षीय स्कूली छात्र की हत्या कर दी गयी. आरोप है कि छात्र को गोली मारी गई थी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. इलाज के लिए रांची जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
मिली जानकारी अनुसार, छात्र विकास पासवान को रविवार को दो युवकों ने लातेहार जिला मुख्यालय स्थित मिशन चौक के पास से अगवा कर लिया था. बताया गया कि छात्र को एनएच पर स्थित पतकी जंगल की ओर ले जाकर मारपीट की गई और एक गोली भी मारी गई.
गंभीर अवस्था में उसे सड़क पर ही फेंक कर दोनों आरोपी फरार हो गए. बाद में रास्ते पर चलने वाले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद घायल छात्र को तत्काल लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए छात्र को रिम्स रेफर कर दिया. लेकिन रास्ते में ही छात्र की मौत हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर घायल अवस्था में सदर अस्पताल पहुंचने के बाद छात्र ने अपने परिजनों तथा उपस्थित अन्य लोगों को घटना की पूरी जानकारी दी थी. छात्र ने बताया था कि मोहम्मद अरबाज तथा एक अन्य युवक ने उसे अगवा किया था. अगवा करने के बाद उससे 1 लाख रुपए मांग की जा रही थी. बाद में उसे गोली मार दी गई.
इधर घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में युवक को नुकीले हथियार से गंभीर रूप से चोट लगने की भी बात सामने आ रही है.








