पटना- पटना के दानापुर से सिकंदराबाद जा रही दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में बिना टिकट सफर कर रही एक महिला का टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने कथित तौर पर टीटी को फंसाने के लिए अपने कपड़े तक फाड़ लिए।
हालांकि, उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि सामने की सीट पर बैठा एक यात्री पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर रहा है। बाद में यही वीडियो रेलवे अधिकारियों के सामने पहुंचा, जिसके बाद घटना का दूसरा पक्ष सामने आया।
यह मामला 17 सितंबर का बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला के साथ एक छोटी बच्ची भी थी। घटना दानापुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच की बताई गई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन के दानापुर से रवाना होने के बाद टिकट चेकिंग स्टाफ सेकेंड एसी कोच में टिकटों की जांच कर रहा था। इसी दौरान महिला से टिकट मांगा गया, लेकिन वह टिकट नहीं दिखा सकी। चेकिंग स्टाफ ने उसे टिकट बनवाने के लिए कहा।
इसके बाद महिला सेकेंड एसी कोच से निकलकर थर्ड एसी कोच में जाकर बैठ गई। जब चेकिंग स्टाफ वहां पहुंचा तो महिला अपनी बच्ची के साथ मौजूद थी। अधिकारियों के अनुसार, महिला से कई बार टिकट बनवाने के लिए कहा गया, लेकिन उसने टिकट नहीं बनवाया।
वायरल वीडियो में महिला और टिकट चेकिंग स्टाफ के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। महिला यह कहते हुए सुनाई देती है कि वह पैसे देने के लिए तैयार है। इस पर टीटी जवाब देते हैं कि पैसे नहीं, बल्कि वैध टिकट चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद महिला कहती है कि वह अपने भाई को फोन कर रही है और दावा करती है कि उसका भाई भी टीटी है। वीडियो में महिला अपना नाम राधिका तिवारी बताती सुनाई देती है। कुछ देर बाद वह अपने मोबाइल फोन पर रेलवे पुलिस का हेल्पलाइन नंबर खोजती दिखाई देती है।
वीडियो में महिला आसपास मौजूद लोगों से यह कहते हुए भी सुनाई देती है कि वह टीटी को ‘फंसा देगी’। इसके बाद वह अपने कपड़े फाड़ती हुई दिखाई देती है। महिला और चेकिंग स्टाफ के बीच बहस जारी रहती है और वीडियो में कथित तौर पर धमकी और गाली-गलौज की आवाजें भी सुनाई देती हैं।
इस दौरान चेकिंग स्टाफ के सदस्य रेलवे कंट्रोल को घटना की जानकारी देने की बात करते सुनाई देते हैं। ट्रेन शाम करीब 4 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंची। रेलवे कंट्रोल से मिली सूचना के आधार पर वहां RPF की महिला टीम मौजूद थी।
महिला को ट्रेन से उतारकर पूछताछ की गई। इसी दौरान जिस यात्री ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया था, उसने अपनी रिकॉर्डिंग रेलवे स्टाफ को दिखाई।
इस वीडियो में महिला के कपड़े फाड़ने से पहले का पूरा घटनाक्रम भी रिकॉर्ड था। इससे रेलवे अधिकारियों को घटना की परिस्थितियों को समझने में मदद मिली।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के PRO विश्वनाथ ने बताया कि महिला सेकेंड एसी कोच में बिना टिकट मिली थी। टिकट बनवाने के लिए कहे जाने के बाद वह थर्ड एसी कोच में चली गई।
वहां भी चेकिंग स्टाफ ने उससे टिकट बनवाने का अनुरोध किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद डिविजनल कंट्रोल को घटना की जानकारी दी गई।
PRO के मुताबिक, डीडीयू जंक्शन पर RPF की महिला टीम की मौजूदगी में महिला की जांच की गई और उसके पास टिकट नहीं मिला। बाद में उसने निर्धारित जुर्माना देकर टिकट बनवाया।








