नवादा- बिहार के नवादा में एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर छेड़खानी और गलत नीयत से छूने का आरोप लगाया. इसके बाद स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ.
आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को उसके कार्यालय में बंद कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उसे सुरक्षित बाहर निकालकर थाने ले गई.
छात्राओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया है. मामला नवादा सदर प्रखंड के एक विद्यालय का है. गिरफ्तार प्रधानाध्यापक गोविंदपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छात्राओं के अनुसार, प्रधानाध्यापक पिछले कुछ दिनों से उनके साथ अनुचित व्यवहार कर रहे थे. शुक्रवार को एक छात्रा परीक्षा से संबंधित कॉपी और प्रश्नपत्र लेने के लिए प्रधानाध्यापक के कार्यालय में गई थी.
छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक उसे कार्यालय के अंदर ले गया और गलत नीयत से छूने लगा. एक अन्य छात्रा ने भी प्रधानाध्यापक पर उसके बाल खींचने का आरोप लगाया.
घटना के बाद छात्रा ने बाहर आकर अपनी सहेलियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद अन्य छात्राओं ने भी प्रधानाध्यापक पर पहले इस तरह की हरकत करने के आरोप लगाए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छात्राओं की शिकायत सामने आने के बाद स्कूल में आक्रोश फैल गया. कई छात्राएं प्रधानाध्यापक के कार्यालय के पास पहुंचकर विरोध करने लगीं. इसकी जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी स्कूल पहुंच गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को उसके कार्यालय में बंद कर दिया.
हंगामे के दौरान स्कूल में मौजूद अन्य छात्र-छात्राएं भी अपनी कक्षाओं से बाहर निकल आए. स्थिति की जानकारी ग्रामीणों ने डायल 112 को दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ के आक्रोश को देखते हुए नगर थाना पुलिस को भी सूचना दी गई.
सूचना मिलने के बाद नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और प्रधानाध्यापक को कार्यालय से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई.








