बोकारो- सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के कथारा इलाके में स्थित सीसीएल की गोविंदपुर परियोजना में 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते दो क्लर्कों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.
धनबाद सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को गिरफ्तार किया है.
जानकारी अनुसार, गोविंदपुर परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत रहे जनता नगर निवासी रसूल जमा करीब सात महीने पहले सेवानिवृत्त हुए थे. रिटायरमेंट के बाद उनका सीएमपीएफ और पेंशन से संबंधित भुगतान लंबित था. आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में दोनों क्लर्कों द्वारा उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रिश्वत की मांग से परेशान होकर रसूल जमा ने मामले की शिकायत धनबाद सीबीआई से की. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पहले आरोपों का सत्यापन किया और इसके बाद दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की.
शुक्रवार को इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में धनबाद सीबीआई की टीम करीब साढ़े ग्यारह बजे गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची. योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर कार्यालय पहुंचा. जैसे ही दोनों क्लर्कों को 18 हजार रुपये दिए गए, पहले से मुस्तैद सीबीआई टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया.
अचानक हुई सीबीआई की इस कार्रवाई से सीसीएल परियोजना कार्यालय में हड़कंप मच गया. टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अपने साथ धनबाद ले गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








