रांची- सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर में एक 62 वर्षीय महिला से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए गए. घटना तीन सितंबर की सुबह की है.
मामले को लेकर पीड़िता रेणु कुशवाहा ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाया है. पीड़िता एक दिवंगत जेल अधीक्षक की पत्नी हैं. पीड़िता के अनुसार, वह 3 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रही थी. इसी दौरान वाल्मीकि नगर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया.
आरोपी ने खुद को कथित तौर पर अयोध्या का पंडित बताया और बातचीत में महिला को उलझा लिया. उसने अपनी बातों में फंसाकर महिला को भरोसा दिलाया कि वह उनके गहनों पर मंत्र पढ़कर उन्हें सुरक्षित कर सकता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपी ने महिला से गले की सोने की चेन और हाथ का कंगन उतारने को कहा. उसने दावा किया कि मंत्र पढ़ने के बाद वह गहने वापस कर देगा. उसकी बातों पर भरोसा करके महिला ने अपने सोने के गहने उसे दे दिए.
गहने लेने के बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वह 10 कदम आगे जाकर वापस आएं, तब वह उन्हें हनुमान जी के दर्शन कराएगा. महिला जब 10 कदम आगे जाकर वापस लौटी, तब तक आरोपी गहने लेकर फरार हो चुका था. काफी देर तक जब वह नहीं मिला, तब महिला को यह समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है.
आवेदन के मुताबिक, ठगे गए सामान में करीब 50 ग्राम वजन की चार सोने की चूड़ियां, दो सोने की अंगूठियां, लगभग 10 ग्राम सोने की चेन और सोने का लॉकेट शामिल है. पीड़िता ने इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया की पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ आरोपी के आने-जाने के रास्ते की भी जांच कर रही है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.








