रांची- झारखंड में लगातार बारिश हो रही है. पिछले कई घंटों से रांची में हो रही बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है.
सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने रांची समेत राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. लगातार बारिश के कारण शहर के पंचशील नगर, पंडरा डैम, हरमू आनंद नगर और निवारणपुर समेत हरमू नदी के आसपास के कई निचले इलाकों में पानी भर गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कई जगहों पर सड़कें भी जलमग्न हो गई, जिससे पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवाएं झारखंड की ओर आ रही है.
मानसूनी बादलों का घनत्व बढ़ने के कारण कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. प्रशासन और नगर निगम की टीमें जलजमाव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं. लोगों से निचले इलाकों और जलभराव वाली सड़कों पर सावधानी बरतने की अपील की गई है.








