रांची- श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 को लेकर राजधानी रांची में 4 और 5 सितंबर को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव रहेगा. शहर के प्रमुख इलाकों में झांकी, भजन संध्या और दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा.
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्ट करने का निर्णय लिया है.
यातायात पुलिस के अनुसार, 4 और 5 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जन्माष्टमी के कार्यक्रमों को देखते हुए निम्न मार्गों पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो और सवारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा:
फिरायालाल चौक से सुजाता चौक की ओर जाने वाला मार्ग
प्लाजा चौक से फिरायालाल चौक तक
जेल चौक से फिरायालाल चौक तक
मिशन चौक से सर्जना चौक तक
रतन पीपीओ से फिरायालाल चौक की ओर जाने वाला मार्ग
इन मार्गों पर कार्यक्रम के दौरान यातायात को नियंत्रित किया जायेगा और आवश्यकता के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा सकता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दोपहर 3 बजे से इन इलाकों में भी प्रतिबंध-
इसके अलावा कर्बला चौक से काली मंदिर और उल्ल हाउस की ओर आने वाले मार्गों के बीच 4 और 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक सभी प्रकार के छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
कार्यक्रम समाप्त होने और भीड़ की स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य किया जायेगा.








