डेस्क- बिहार में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। पटना का दीघा घाट डूब चुका है। वहीं, बगहा के डुमरिया घाट पर गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। 15 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
मध्य प्रदेश के सतना, चित्रकूट, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बाढ़ जैसे हालात हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से करीब 26 फीट ऊंची बह रही है। घाट किनारे करीब 400 दुकानें डूब चुकी हैं। लोग घरों और होटलों में फंसे हैं। 2 हेलिकॉप्टर के साथ SDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मलबा गिरने से कालका-शिमला रेल मार्ग पर ट्रेन सेवा बाधित हो गई। इस दौरान 391 यात्रियों और 40 ट्रेन कर्मचारियों को सुरक्षित कालका पहुंचाया गया। घटना के कारण संपर्क पुल का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर खुला रह गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हिमाचल प्रदेश में 61 दिनों में मानसून से जुड़ी घटनाओं में 250 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में भारी बारिश के कारण सड़क, बिजली और पानी की सप्लाई पर असर पड़ा है।
लगातार बारिश के बीच हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मिट्टी बहने से शिमला-कालका नैरो गेज रेलवे लाइन बंद हो गई है। इसके चलते टॉय ट्रेन सेवा रुक गई है। ट्रैक खिसकने से कालका और शिमला के बीच चलने वाली 10 ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं।
नेपाल में भारी बारिश के बाद नारायणी-गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से महाराजगंज जिले में नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नेपाल की त्रिशूली नदी का पानी नारायणी से होते हुए गंडक में आ रहा है, जिससे वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से पानी के बहाव में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से बारिश की रफ्तार में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
वहीं झारखण्ड में एक और दो सितंबर को भी राजधानी और आसपास में दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं. चार को हल्की से मध्यम बारिश और पांच सितंबर को गरज के साथ बारिश होने की संभावना जतायी गयी है.
इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं. नौ जिलों में भारी बारिश को लेकर जल भराव का अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं, राजस्थान में जयपुर समेत 15 शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। इस साल मानसून के कमजोर रहने के कारण जयपुर सहित 17 जिलों में सूखे जैसे हालात हैं।








