पटना- उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक युवती ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत दी है. युवती ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि उसे फैजल खान उर्फ खान सर से जान का खतरा है और उसे आशंका है कि उसकी हत्या कराई जा सकती है. युवती ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है.
शिकायत करने वाली युवती के आवेदन के अनुसार, वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और वर्तमान में पटना में रहती है. उसने बताया है कि वह अगस्त 2016 में पटना आई थी. इससे पहले वह उत्तर प्रदेश के देवरिया स्थित एक संस्थान में फैजल खान उर्फ खान सर से पढ़ाई करती थी.
युवती का दावा है कि उसके पास फैजल खान से जुड़ी कई गोपनीय जानकारियां हैं और इस बात की जानकारी फैजल खान को भी है. इसी वजह से उसे अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा महसूस हो रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
युवती ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उसे दिसंबर 2014 से ही परेशान किया जा रहा है. शिकायत के मुताबिक, उसे कथित तौर पर धमकी दी जाती रही है कि यदि उसने किसी भी गोपनीय जानकारी को सार्वजनिक किया तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा. युवती ने पुलिस से पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच करने और उसे सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है.
इस मामले में पीरबहोर थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि थाने में किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से आवेदन दिया गया है. जिस युवती ने आरोप लगाया है, उसका मोबाइल फिलहाल बंद आ रहा है.
पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की तहकीकात में जुटी है. पुलिस का कहना है कि युवती से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, मामले को लेकर फैजल खान की टीम से संपर्क किए जाने पर बताया गया कि जिस आवेदन की चर्चा हो रही है, उसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है.
टीम की ओर से कहा गया कि आवेदन कहां दिया गया है और किस आधार पर दिया गया है, इसकी जानकारी नहीं है. टीम ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि खान सर को फंसाने का प्रयास किया जा रहा है.








