डेस्क- उत्तर प्रदेश में बलिया के जनेश्वर मिश्र सेतु के नीचे सोमवार शाम गंगा नदी में पूजा सामग्री विसर्जित करते समय डूबे पति-पत्नी की मौत हो गई।
मंगलवार सुबह पत्नी का शव नदी में तैरता मिला, जबकि हादसे के बाद से लापता पति का शव भी मंगलवार देर शाम एनडीआरएफ की टीम के प्रयास से बरामद कर लिया गया। मृतकों की पहचान टैगोर नगर निवासी इंदू देवी (55) और उनके पति ओमप्रकाश दुबे (58) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छितौनी निवासी ओमप्रकाश दुबे अपनी पत्नी इंदू देवी के साथ सदर कोतवाली क्षेत्र के टैगोर नगर में रहते थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार को घर में सुख-समृद्धि के लिए रुद्राभिषेक कराया गया था। शाम को दोनों पूजा सामग्री गंगा में प्रवाहित करने के लिए जनेश्वर मिश्र सेतु पहुंचे थे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया गया कि उस समय गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। सेतु के नीचे पूजा सामग्री विसर्जित करने के दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए। एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में दोनों नदी में डूब गए।
हादसे के बाद सोमवार देर रात तक जब दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह परिजनों ने सदर कोतवाली पुलिस को पति-पत्नी के लापता होने की सूचना दी।
इसी बीच दुबहड़ क्षेत्र में जनेश्वर मिश्र सेतु के पास गंगा नदी में एक महिला का शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान इंदू देवी के रूप में की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
महिला के शव की शिनाख्त के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने ओमप्रकाश दुबे की तलाश शुरू की। मंगलवार देर शाम एनडीआरएफ की टीम के प्रयास से ओमप्रकाश दुबे का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।








