चाईबासा- पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चार सदस्यों ने मंगलवार को पुलिस और सीआरपीएफ के वरीय अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया.
इनमें संगठन का 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमेटी सदस्य सालुका कायम भी शामिल है. आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस भी सुरक्षा बलों को सौंपे.
आत्मसमर्पण करने वालों में सालुका कायम उर्फ भुवनेश्वर, मारू, विक्रम, डांगिल, तुबुई और जयराम शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक वह भाकपा (माओवादी) की जोनल कमेटी का सदस्य था और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सालुका के खिलाफ पश्चिमी सिंहभूम के विभिन्न थानों में 90 और सरायकेला जिले में छह मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी. इस तरह उसके खिलाफ कुल 96 मामलों का उल्लेख किया गया. सालुका ने आत्मसमर्पण के दौरान एक AK-47 राइफल, दो मैगजीन और 843 राउंड कारतूस सहित अन्य सामग्री पुलिस को सौंपी.
सालुका के साथ तीन अन्य सक्रिय नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण किया. इनमें कोदोमुनी कोड़ा उर्फ कोदम मुन्नी कोड़ा उर्फ कितामाई, पिंकी पूर्ति उर्फ सुकांती पूर्ति उर्फ मेचो पूर्ति और अनिता तामसोय उर्फ अनिता कायम उर्फ मुक्ता उर्फ नूनी शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार कोदोमुनी कोड़ा टोंटो थाना क्षेत्र के रेंगड़ाहातु का रहने वाला है. वह संगठन में दस्ता सदस्य के रूप में सक्रिय था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम था. उसके खिलाफ चाईबासा में सात मामले दर्ज बताए गए हैं. आत्मसमर्पण के दौरान उसने एक वायरलेस सेट और 697 राउंड कारतूस पुलिस को सौंपे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पिंकी पूर्ति भी संगठन में दस्ता सदस्य के तौर पर सक्रिय थी. उसके खिलाफ चाईबासा में 13 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. उसके पास से एक वायरलेस सेट और 639 राउंड कारतूस बरामद हुए.
वहीं, अनिता तामसोय उर्फ अनिता कायम के खिलाफ चाईबासा में 12 और सरायकेला में एक मामला, कुल 13 मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है. उसके पास से एक इंसास राइफल, पांच मैगजीन और 97 राउंड कारतूस सहित अन्य सामग्री बरामद की गई.








