पटना- बिहार में एक और पेपर लीक का मामला सामने आया है. बिहार पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) मुख्य परीक्षा 2026 में पेपर लीक के आरोपों को लेकर प्रभावित अभ्यर्थियों ने सोमवार को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एकत्रित होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा रद्द करने की मांग करते हुए बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार से इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक विशेष जांच दल गठित करने और मुख्य परीक्षा को अविलंब रद्द कर नए सिरे से परीक्षा आयोजित करने की पुरजोर मांग की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का सीधा आरोप है कि आयोग ने बीते 3 जून 2026 को जो आधिकारिक नोटिस जारी किया था, उसमें पूर्णिया और गया जिले में सामने आए संदिग्ध मामलों को पूरी तरह से दबा दिया गया.
छात्रों का कहना है कि बिना किसी उच्चस्तरीय फॉरेंसिक जांच के इतनी बड़ी गड़बड़ी के मामले को आनन-फानन में रफा-दफा करने का प्रयास किया जा रहा है, जो राज्य के लाखों ईमानदार और मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है.
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पूर्णिया के एक परीक्षा केंद्र का मामला उठाते हुए दावा किया कि परीक्षा के दौरान एक वीक्षक द्वारा प्रश्नपत्र की तस्वीर मोबाइल फोन से खींचकर बाहर भेजी गई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छात्रों का कहना है कि जब इस तरह की जानकारी सामने आ चुकी है, तो इसकी गहन जांच कराई जानी चाहिए थी. लेकिन आयोग ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और परीक्षा को प्रभावित नहीं मानने का फैसला कर दिया.








