गया- गया जिले से एक सरकारी शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना बेलागंज और चाकंद रेलवे स्टेशन के बीच की है.
मृतक की पहचान बुनियादगंज थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद खैरूउद्दीन के रूप में हुई है. बताया गया कि वह सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. वर्तमान में वह नगर निगम वार्ड संख्या 48 के पठान टोली स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को शिक्षा दे रहे थे.
जानकारी के अनुसार बेलागंज और चाकंद रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात करीब दो बजे शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार शव मिलने के दौरान मृतक के दोनों पैर गमछे से बंधे हुए थे. इस स्थिति ने हत्या की आशंका को और मजबूत कर दिया है. प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. फिलहाल शिक्षक की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा नहीं हो सका है.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. बेलागंज पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








