पटना- भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह को बिहार विधान परिषद के लिए बीजेपी ने एमएलसी उम्मीदवार बनाया है. पावर स्टार पवन सिंह काफी लंबे समय से बीजेपी के टिकट के लिए संघर्ष कर रहे थे.
आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और पार्टी ने पवन सिंह को उम्मीदवार बनाकर बड़ा संकेत दिया है. बीजेपी ने पवन सिंह समेत 4 कैंडिडेट के नाम की घोषणा की है.
इससे पहले साल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया था. हालांकि, उम्मीदवार घोषित होने के कुछ समय बाद ही उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया और पार्टी नेतृत्व से अपना नाम वापस लेने का अनुरोध किया. उस समय उनका फैसला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आसनसोल प्रकरण के बाद पवन सिंह ने बिहार की राजनीति में सक्रियता बढ़ाई और काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतर गए.
उन्होंने एनडीए के आधिकारिक उम्मीदवार उपेन्द्र कुशवाहा के खिलाफ चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश की. चुनाव परिणाम भले उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन उन्होंने यह संकेत जरूर दिया कि उनकी लोकप्रियता सिर्फ भोजपुरी सिनेमा तक सीमित नहीं है.
लोकसभा चुनाव के बाद पवन सिंह और बीजेपी नेतृत्व के बीच रिश्ते फिर सामान्य हुए. पार्टी ने भी उनके जनाधार और लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें दोबारा अपने साथ जोड़ा. इसके बाद पवन सिंह ने सार्वजनिक रूप से बीजेपी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की और पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी शुरू कर दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अब बीजेपी ने उन्हें विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाकर यह स्पष्ट संकेत दिया है कि पार्टी उन्हें केवल स्टार प्रचारक नहीं, बल्कि सक्रिय राजनीतिक चेहरे के रूप में आगे बढ़ाना चाहती है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला बिहार की राजनीति में पवन सिंह की औपचारिक और मजबूत एंट्री माना जा सकता है.








