डेस्क- बिहार के भोजपुर में बड़ा हादसा हुआ है. नहाने के दौरान 6 लड़के नदी में डूब गए. हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया. घटना जिले के सहार प्रखंड अंतर्गत चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव की है.
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतकों में अंधारी गांव निवासी चिंटू राय के 14 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार, रंजीत राय के 19 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार और वीरेंद्र राय के 17 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार शामिल हैं.
वहीं, उसी गांव के रामनिधि राय के 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार, जलेंद्र शर्मा के पुत्र पंकज कुमार और सतीश शर्मा के 14 वर्षीय बेटे प्रिंस कुमार को सुरक्षित बचा लिया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह 6 दोस्त सोन नदी में नहाने गए थे. इस दौरान दो युवक किनारे पर नहा रहे थे. चार युवक गहरे पानी में चले गए, तभी एक युवक डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य दोस्त भी पानी में समा गए. देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गए.
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. सूचना पर चौरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तीनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अरवल सदर अस्पताल भेजा गया. हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क जाम और अव्यवस्था के कारण दो छात्रों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी. घटना से आक्रोशित लोगों ने सहार-अरवल सोन पुल को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया. इस दौरान तोड़फोड़ की भी सूचना है.
सड़क जाम के कारण आरा-अरवल मुख्य मार्ग पर तीन घंटे से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी. इस हादसे के बाद अंधारी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.








