पटना- जिले के बाढ़ में गुरुवार की सुबह-सुबह बड़ा नाव हादसा हो गया है. उमानाथ गंगा घाट से 14 लोगों को लेकर निकली छोटी नाव तेज हवा के कारण पलट गई. हादसे के बाद 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. अभी तक 3 शव बरामद हो गए हैं. बाकी 4 लोगों की तलाश जारी है.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं बाकी लोगों के डूबने की खबर से इलाके में मातम पसरा हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है. वहीं SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. उमानाथ गंगा घाट पर घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है ताकि हादसे के कारणों की पूरी जानकारी मिल सके. प्रशासन लगातार राहत कार्य में जुटा हुआ है. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी त्यागराजन और ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. इस दौरान जिलाधिकारी ने बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के चल रही नावों पर कार्रवाई करने की बात कही. प्रशासन की टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है.








