खगड़िया- खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है. ठठा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे में दो माह का नवजात, एक महिला और एक बालक की मौत ने लोगों को भावुक कर दिया. घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया.
इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सड़क पर शव और घायलों को पड़ा देख स्थानीय लोग दहशत में आ गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकालने लगे. घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया.
डॉक्टरों ने कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई है और बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है. वहीं पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है. चालक घटना के बाद फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








