मधुबनी- मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है. जिलाधिकारी ने सरकारी कार्यों में लगातार लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं बिना अनुमति लंबे समय तक अनुपस्थित रहने वाले जिले के कुल 118 पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
डीएम ने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का क्रियान्वयन, मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना, पंचायत स्तरीय विकास कार्यों की निगरानी, राजस्व एवं लोक सेवाओं से संबंधित कार्यों के साथ-साथ बिहार की जनगणना-2027 जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व पंचायत सचिवों के जिम्मे होते हैं.
ऐसे में कार्यस्थल से अनधिकृत अनुपस्थिति केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकारों एवं विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला गंभीर कृत्य है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि सरकारी कार्यसंस्कृति में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना को मजबूत करना है.
जो अधिकारी एवं कर्मचारी ईमानदारी, तत्परता एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे, उन्हें प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा. वहीं जनहित एवं विकास कार्यों को प्रभावित करने वाली लापरवाही पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.








