पटना- पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ है. राज्य सरकार ने 16 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है. इस फेरबदल में कई बड़े अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
आईपीएस विकास वैभव का को मगध क्षेत्र (गया) का नया आईजी नियुक्त किया गया है. उनसे पहले इस पद पर तैनात क्षत्रनील सिंह को पटना बुला लिया गया है. यहां वे गृह विभाग में विशेष सचिव के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे.
एडीजी डॉ. परेश सक्सेना को अब डीजी असैनिक सुरक्षा आयुक्त बनाया गया है, जबकि डॉ. निर्मल आजाद को डीजी प्रशिक्षण की कमान मिली है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एडीजी ट्रैफिक सुधांशु कुमार अब ट्रैफिक के साथ-साथ विधि व्यवस्था का प्रभार भी संभालेंगे. आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की जिम्मेदारी डॉ. अमित कुमार जैन को दी गई है, वहीं वहां तैनात नैयर हसनैन खान को एडीजी बी-सैप के पद पर भेज दिया गया है.
प्रशासन ने तकनीकी और आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए भी अहम नियुक्तियां की हैं. चर्चित आईपीएस अमित लोढ़ा को एडीजी तकनीकी सेवाएं एवं संचार बनाया गया है.
अमृत राज को एडीजी साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि राज्य में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाई जा सके. इसके अलावा, डॉ. कमल किशोर सिंह अब एडीजी रेलवे होंगे और अजिताभ कुमार को एडीजी एससीआरबी एवं आधुनिकीकरण के पद पर तैनात किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
केएस अनुपम को एडीजी सीआईडी बनाया गया है. पी. कन्नन को आईजी प्रोविजनिंग, रंजीत कुमार मिश्रा को आईजी सीआईडी और संजय कुमार को आईजी विशेष शाखा की नई जिम्मेदारी मिली है.
आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ बिहार पुलिस सेवा के पदाधिकारी विवेक दीप का भी तबादला हुआ है. बेतिया सदर के एसडीपीओ रहे विवेक दीप अब विशेष सुरक्षा दल में डीएसपी की भूमिका निभाएंगे.








