पटना- पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित जनार्दन घाट पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। जहां दो नाबालिग बच्चे गंगा नदी में डूब गए. इनमें से एक की मौत हो गई है. वहीं दूसरे को बचा लिया गया.
मृतक की पहचान बेली रोड निवासी 8वीं कक्षा के छात्र हर्ष के रूप में हुई है। उसके दोस्त एमी ने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के कारण दोनों सुबह करीब 9:30 बजे बिना घर वालों को बताए नहाने के लिए घाट पहुंचे थे। नहाने के दौरान हर्ष गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया।
घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बच्चों को डूबता देख तुरंत बचाव का प्रयास किया और डायल 112 को सूचना दी। लोगों की तत्परता से एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरा बच्चा गंगा की तेज धारा में समा गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद हर्ष का शव बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।








