धनबाद- धनबाद के मुनीडीह स्थित बीसीसीएल की कोल वाशरी में शनिवार को एक भीषण हादसा हो गया. स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक मलबा ढहने से चार दिहाड़ी मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई.
अब तक तीन मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. घटना के बाद मुनीडीह इलाके में मातम और हड़कंप का माहौल है.
मृतकों में गोपीनाथडीह के माणिक बाउरी (45) व दिनेश बाउरी (52), समशिखरा निवासी दीपक बाउरी (50) और रुदी कपूरिया निवासी मोड़ा गोप (59) थे. गोपीनाथडीह की सुनीता देवी घटना में बाल-बाल बची. वह किसी तरह मलबे से सकुशल बचकर बाहर निकल आयी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोडिंग प्वाइंट पर एक दंगल के करीब 7 से 10 मजदूर काम कर रहे थे. सभी मैन्युअल लोडिंग के माध्यम से ट्रक में स्लरी लोडिंग कर रहे थे, तभी घटना घटी.
हादसे के बाद चीख-पुकार और अफरातफरी मच गयी. वहां मौजूद साथी मजदूरों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. हादसे की खबर फैलते ही मुनीडीह और आसपास के इलाके के लोग वहां जुट गये. मृत मजदूरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और निगरानी की कमी थी. हादसे ने वाशरी में सुरक्षा प्रोटोकॉल और निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीआइएसएफ मौके पर पहुंच गयी और तत्काल राहत व बचाव कार्य चलाया गया. मुनीडीह ओपी के अलावा पुटकी और भागाबांध थाना के अधिकारी और जवान विधि व्यवस्था में जुटे थे.








