कटिहार- फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए. गुस्साए लोगों ने थाने पर हमला कर पुलिसकर्मियों की पिटाई की और जमकर हंगामा किया।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. जान बचाने के लिए कई पुलिसकर्मी पास के मक्के के खेतों में भागते नजर आए. भीड़ ने महिला सिपाही को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी खदेड़ा गया. इस दौरान एक सिपाही की राइफल छीन लिए जाने की भी खबर है.
पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मिली जानकारी अनुसार, फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव को 2 अप्रैल की रात मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था. शनिवार को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया.
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने पहचान के दौरान राकेश को नहीं पहचाना था. इसके बावजूद पुलिस ने उसे हिरासत में रखा. परिवार का कहना है कि थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई.
मृतक की साली कोमल यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राकेश को बुरी तरह पीटा गया. उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने भी पहचान नहीं की थी, फिर भी पुलिस उसे जबरन उठा ले गई और मारपीट की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं पुलिस का कहना है कि राकेश यादव ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था. हालत बिगड़ने पर उसे सुबह 7 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फलका ले जाया गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे. गुस्साए लोगों ने फलका-कुर्सेला स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शिखर चौधरी ने फलका थाना के SHO रवि कुमार राय और जांच अधिकारी कुंदन पटेल को निलंबित कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.








