खूंटी- झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के बाद पूरे इलाके में तनाव है. शनिवार को हुई पत्थरबाजी और झड़प की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए ‘सर्व सनातन समाज’ नामक संगठन ने रविवार से ही खूंटी जिले में अनिश्चितकालीन बंद का बिगुल फूंक दिया है।
सोमवार को भी जिले में बंद का खासा असर दिख रहा है। खूंटी जिला मुख्यालय के साथ रनिया, मुरहू, तोरपा, तपकरा इलाके में बाजार और दुकानें बंद हैं। बंद बुलाने वाले लोगों का कहना है कि जब तक हिरासत में लिए गए लोगों को बिना शर्त रिहा नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन और बंद जारी रहेगा।
प्रशासनिक स्तर पर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुरहू और आसपास के इलाकों में बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और वज्र वाहन, रैपिड एक्शन फोर्स, वाटर कैनन और अश्रु गैस की टीमों को तैनात रखा गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने बताया कि अब तक इस मामले में कुल 10 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें तीन केस स्वयं प्रशासन की ओर से किए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि कुछ लोगों के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जबकि अन्य संदिग्धों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल खूंटी शहर और मुरहू में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस की गश्ती टीमें लगातार क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर रही हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








