रांची- दीपावली की रात रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के रंगामाटी में हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया.
आरोप है कि कार सवार लोगों के साथ हुई कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई और इसी दौरान 27 वर्षीय कांगरेश महतो को चाकू मार दिया गया. गंभीर रूप से घायल कांगरेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक के परिजनों के मुताबिक गोमियाकोचा विजयगिरि निवासी कांगरेश महतो दीपावली की रात अपने चार-पांच रिश्तेदारों के साथ रंगामाटी स्थित वाइन शॉप पहुंचा था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहां से शराब खरीदने के बाद सभी दुकान से कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान सड़क से एक कार गुजरी. कार चालक ने रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.
मृतक के रिश्तेदारों का आरोप है कि कार में पांच-छह लोग सवार थे. सड़क पर खड़े होने को लेकर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी.
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने कांगरेश महतो पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू लगने के बाद कांगरेश महतो मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आनन-फानन में रिश्तेदार उसे निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने देर रात कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के पीछे की वजह के साथ-साथ चाकू से हमला करने वाले की पहचान करने में जुटी है.
कांगरेश महतो की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी. परिवार में उसकी मां और पत्नी हैं. वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है.








