डेस्क- देश में LPG गैस को लेकर चल रही चिंता के बीच केंद्र सरकार ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा फैसला लिया है.
नए नियमों के मुताबिक अब जिन घरों में PNG गैस कनेक्शन है, उन्हें घरेलू एलपीजी सिलेंडर रखने या भरवाने की इजाजत नहीं होगी. सरकार का कहना है कि ये कदम गैस वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने और एलपीजी की मांग पर दबाव कम करने के लिए उठाया गया है.
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संशोधित आदेश के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं के पास पहले से पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन है, वो अब नया एलपीजी कनेक्शन नहीं ले सकेंगे और ना ही अपने मौजूदा सिलेंडर को रिफिल करवा सकेंगे. अगर किसी परिवार के पास दोनों कनेक्शन यानी PNG और LPG मौजूद हैं, तो उन्हें एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सरकार का मानना है कि इस फैसले से एलपीजी की उपलब्धता उन घरों के लिए बेहतर हो सकेगी जहां अभी पाइप्ड गैस की सुविधा नहीं है. दरअसल, देश में हाल के दिनों में एलपीजी की मांग अचानक बढ़ गई है और कई जगहों पर सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर परेशानी की खबरें सामने आई हैं.
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में तनाव की वजह से गैस आपूर्ति पर असर पड़ा है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है और इसमें से ज्यादातर आपूर्ति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते आती है. इस वजह से सरकार गैस वितरण व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए कई कदम उठा रही है.
सरकार ने यह भी कहा है कि जिन घरों के आसपास पाइप्ड गैस की सुविधा उपलब्ध है, वो PNG कनेक्शन लेने पर विचार करें. इससे सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और गैस की सप्लाई को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकेगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
देश में पहले से करीब 1.5 करोड़ घरेलू PNG उपभोक्ता हैं और लाखों घर ऐसे हैं जो आसानी से पाइप्ड गैस नेटवर्क से जुड़ सकते हैं. इसके साथ ही सरकार ने शहरों में गैस पाइपलाइन नेटवर्क बढ़ाने और नए PNG कनेक्शन देने की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी दिए हैं.








