रामगढ़- रामगढ़ में मंत्री को एस्कॉर्ट कर रहा पेट्रोलिंग वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस घटना में SI समेत तीन जवान घायल हो गए हैं. घटना रामगढ़ के छतरमांडू बॉर्डर के समीप हुई.
मिली जानकारी अनुसार, झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो की एस्कॉर्ट में चल रही पुलिस गाड़ी को नशे में धुत एक तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के एयरबैग खुल गए और सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस दुर्घटना में एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एस्कॉर्ट में चल रहा मंत्री का वाहन भी आंशिक रूप से इसकी चपेट में आ गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हादसे में रामगढ़ थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर विकास कुमार, पेट्रोलिंग वाहन के चालक और एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो खुद मौके पर रुके और घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाकर उनके इलाज की व्यवस्था कराई. सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडे भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना.
डॉक्टरों के अनुसार सभी पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि सब इंस्पेक्टर के चेहरे पर वाहन के शीशे से कट के निशान पड़े हैं. फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
इधर पुलिस के अनुसार एस्कॉर्ट वाहन को टक्कर मारने वाला बोलेरो चालक कथित रूप से नशे की हालत में था. दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को रामगढ़ थाना लाया गया है और चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








