सीवान- सीवान जिले में सड़क पर अजीबो-गरीब नजारा देखने के लिए मिला. मांगें पूरी नहीं होने से गुस्साए सफाई कर्मियों ने पूरे शहर में कचरा फैला दिया है.
शहर के डीएवी मोड़, आर्य कन्या स्कूल के पास सफाई कर्मियों की ओर से ठेला से कचरा लाकर सड़क पर फेंका जा रहा है. इतना ही नहीं, कचरे को फैलाकर सड़क जाम करने की भी कोशिश की गई, जिससे आने-जाने वाले और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. होली जैसे बड़े पर्व से ठीक पहले इस स्थिति ने प्रशासन के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है.
मामला नगर परिषद के सफाई कर्मियों से जुड़ा बताया जा रहा है. दरअसल, बकाया भुगतान नहीं मिलने से नाराज कर्मियों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया है. प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों का कहना है कि विभाग की ओर से बकाया भुगतान देने का आश्वासन तो मिला था, लेकिन अब तक उनके खाते में राशि नहीं आई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सफाई कर्मियों का साफ कहना है कि जब त्योहार सिर पर है, ऐसे में बिना वेतन के वे अपने परिवार के साथ होली कैसे मनाएं. कर्मियों ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ, तो पूरा शहर कचरे के बीच होली मनाने को मजबूर होगा.
सफाई कर्मियों ने जिला प्रशासन और जिला अधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है. उनका कहना है कि समय पर भुगतान मिल जाए तो वे तुरंत शहर को फिर से साफ-सुथरा कर देंगे. लेकिन अगर उनकी मांगों को अनसुना किया गया, तो आंदोलन और तेज हो सकता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








