पटना- पटना समेत बिहार के 3 सिविल कोर्ट को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी के बाद पटना सिविल कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यह धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है. दावा किया गया है कि कोर्ट कैंपस में तीन आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं. ऐसी ही धमकी गया सिविल कोर्ट और किशनगंज सिविल कोर्ट को भी मिली है.
जानकारी मिलते ही पटना सिविल कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई. कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, वादकारियों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एहतियातन कई हिस्सों को खाली कराया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई. मौके पर पीरबहोर थाना की पुलिस पहुंच चुकी है और जांच में जुट गई है.
पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वायड, बम स्क्वायड और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई.
हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके. पुलिस ईमेल की तकनीकी जांच भी कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि धमकी भेजने वाला कौन है और उसका मकसद क्या है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस बीच धमकी के बाद गया सिविल कोर्ट और किशनगंज सिविल कोर्ट में भी अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. तुरंत पूरे कोर्ट परिसर में तलाशी का अभियान शुरू कर दिया गया. डॉग स्क्वायड की टीम छानबीन में जुट गई है. बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, सिविल कोर्ट के एक रजिस्टर पर प्राप्त ईमेल में यह धमकी दी गई थी कि 8 जनवरी 2026 को सिविल कोर्ट परिसर में तीन आरडीएक्स आईडीएस से विस्फोट किया जाएगा।
इस सूचना के बाद जिला बार एसोसिएशन, पटना के सचिव को पत्र लिखकर सूचित किया गया कि सभी सदस्यों को कोर्ट परिसर खाली करने की कार्रवाई करें।
सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट परिसर के भीतर और बाहर खड़े सभी वाहनों को एक-एक कर हटाया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की बारीकी से जांच की जा सके। इसके बाद पूरे सिविल कोर्ट क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया गया।








