पटना- जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाना न सिर्फ गलत है, बल्कि यह विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी की राजनीतिक समझ पर भी सवाल खड़े करता है.
नीरज कुमार ने कहा कि राहुल गांधी किसी राजनीतिक संघर्ष या योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि एक विशेष परिवार में जन्म लेने के कारण कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं.
जनता ने उन्हें विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया है, लेकिन इसके बावजूद वे संसद के शीतकालीन सत्र को छोड़कर बिना किसी ठोस वजह के विदेश चले गए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने देश के आंतरिक मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वोट चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि क्या बिहार में कांग्रेस और महागठबंधन को मिली सीटें भी इसी कथित वोट चोरी का नतीजा थीं.
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद को जो सीटें मिलीं, क्या वह भी इसी प्रक्रिया से हासिल हुईं? नीरज कुमार ने कहा कि राहुल गांधी खुद अपने ही आरोपों के घेरे में फंसते नजर आ रहे हैं.
उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि गैर-कांग्रेस सरकारों को बर्खास्त करने, धारा 356 के दुरुपयोग और आपातकाल जैसे फैसलों ने लोकतंत्र को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कांग्रेस शासनकाल में ही जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल उठे और सुप्रीम कोर्ट तक ने सीबीआई को पिंजरे का तोता कहा था. ऐसे में लोकतंत्र पर भाषण देने से पहले कांग्रेस को अपने अतीत की समीक्षा करनी चाहिए.








