दरभंगा- दरभंगा में दर्दनाक हादसा हुआ है. जहां, बीती देर रात घने कोहरे के कारण एक सड़क दुर्घटना हो गयी, जिसमें एक ही गांव के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
यह हादसा नेहरा गांव के समीप उस समय हुआ, जब तेज धुंध के बीच सड़क पर अचानक सामने आए सांड को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 फीट नीचे नहर में जा गिरी. मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीनों युवक जगदीशपुर स्थित अपने बहनोई के घर से नेहरा गांव लौट रहे थे.
जैसे ही वे गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले पहुंचे, घने कोहरे के कारण चालक सड़क पर खड़े सांड को समय रहते नहीं देख सका. संतुलन बिगड़ते ही कार पलट गई, जिससे उसमें सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हादसे में मृतकों की पहचान शंभू कुमार यादव (27), अजय कुमार साहनी (28) और सुजीत कुमार साहनी (28) के रूप में हुई है. तीनों नेहरा गांव के निवासी थै और आपस में गहरे दोस्त थे.
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार से शवों को बाहर निकाला. सूचना पर नेहरा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेज दिया.
एक साथ तीन युवकों की असमय मौत से पूरे नेहरा गांव में कोहराम मच गया है. हर घर में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








