बेतिया- बिहार के बेतिया में 21 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी है. मृतक की पहचान बसवरिया निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है।
घात लगाए बैठे बदमाशो ने हमला किया जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
हत्या की खबर फैलते ही गुरुवार शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। बसवरिया में बेतिया–नौतन मुख्य मार्ग को बांस-बल्लियों से जाम कर दिया गया और सड़क के बीच आगजनी शुरू कर दी गई। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूचना मिलने पर नौतन और आसपास के इलाकों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। भीड़ को शांत कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद अधिकारियों के समझाने पर जाम हटाया गया और सड़क पर आवागमन बहाल हो सका।
मृतक की मां कमलावती देवी ने नौतन थाना में आवेदन देकर बसवरिया और सनसरैया गांव के छह लोग अंबेडकर पटेल, ऋतिक कुमार, बबलू पटेल, गोलू यादव, अमित यादव और झुनझुन कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। इसके साथ ही 5–6 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार झुनझुन कुमार राहुल को घर से बुलाकर ले गया था।








