मधेपुरा- बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बलुआहा पुल के पास करीब 100 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी.
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी सवार किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गए. सुबह स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
बताया जा रहा है कि दूल्हे की कार भी पुल से करीब 500 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी, लेकिन उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले. स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से चार ने किसी तरह जान बचाई और मौके से चले गए. चालक भी फरार बताया जा रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है. घने कोहरे के कारण चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया और स्कॉर्पियो सीधे पुल से नीचे नदी किनारे गड्ढे में जा गिरी.
मृतकों की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के सिंगियान निवासी 55 वर्षीय चंद्रकिशोर यादव और पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी 30 वर्षीय चिंटू अग्रवाल के रूप में हुई है. चिंटू अग्रवाल दूल्हे का दोस्त बताया जा रहा है.
जानकारी अनुसार, बारात मुरलीगंज प्रखंड के तिनकोनामा से सिंहेश्वर स्थान गई थी. रविवार रात शादी संपन्न होने के बाद सोमवार तड़के पूरा बाराती काफिला वापस लौट रहा था. NH-107 पर रामपुर बलुआहा नदी के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ. सुबह जब ग्रामीणों ने पुल के नीचे दोनों गाड़ियां देखीं तो हड़कंप मच गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. मुरलीगंज पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को बाहर निकाला. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस चालक की तलाश कर रही है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.








