जहानाबाद- बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जहानाबाद के घोसी विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-220 पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। झड़प में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि विवाद वोटिंग की लाइन में आगे-पीछे को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। यह घटना बूथ नंबर-220 स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर हुई, जहां दो गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई में बदल गया।
इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर वोटरों को प्रभावित करने का आरोप भी लगाया। कुछ ही मिनटों में मारपीट इतनी बढ़ गई कि मौके पर अफरातफरी मच गई और कई लोग इधर-उधर भागने लगे। इस घटना के बाद आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और भीड़ को मतदान केंद्र से दूर किया।
मारपीट में घायल दो लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








