घाटशिला- घाटशिला उपचुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार तेज हो गया है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घाटशिला अनुमंडल के मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत कुईलीसुता गांव के मार्शल मैदान में झामुमो प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया.
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमेशा से ही विपक्ष के लोग दलित, आदिवासी को दबाने का काम करते रहे हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उन पर भी गलत आरोप लगाकर जेल में बंद कर दिया था.
इसके बाद हमने चाचा चंपाई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया लेकिन आज वे झारखंड मुक्ति मोर्चा से हटकर बीजेपी में चले गए. सीएम ने कहा कि किसी के जाने से झारखंड मुक्ति मोर्चा को कोई फर्क नहीं पड़ता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने घाटशिला की जनता से कहा कि स्वर्गीय रामदास सोरेन घाटशिला विधानसभा के लोगों के लिए हमेशा बेहतर सोच रखते थे, चाहे वह रोजगार का क्षेत्र हो या शिक्षा का क्षेत्र या फिर स्वास्थ्य का क्षेत्र, वे सभी मुद्दों को लेकर मुझसे मिलने आते थे.
कहते थे कि घाटशिला को मुझे बेहतर घाटशिला बनाना है. इसके लिए आपका साथ जरूरी है, इसीलिए मैंने उन्हें कहा कि मैं आपको ट्राइबल यूनिवर्सिटी और इंजीनियरिंग कॉलेज देता हूं.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ट्राइबल यूनिवर्सिटी घाटशिला प्रखंड में ही बनेगी और इंजीनियरिंग कॉलेज मुसाबनी प्रखंड में, यहां के बच्चे भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सीएम ने रामदास सोरेन को लेकर कहा कि उनका समय से पहले जाना हम सभी के लिए पीड़ादायक रहा है. हमें विश्वास है घाटशिला की जनता स्वर्गीय रामदास सोरेन के बेहतर कार्य के लिए अब उनके बेटे सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से विजय बनाएगी.








