पटना- बहुचर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में बिहार पुलिस बड़ी कार्रवाई कर रही है. शनिवार की देर रात अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने बाढ़ से लेकर मोकामा तक के इलाके की घेराबंदी कर दी है. सेंट्रल पारा मिलिट्री फोर्स के साथ साथ बिहार पुलिस के 2 हजार से ज्यादा जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया है.
बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक इस मामले की जांच CID, STF और पटना ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीम कर रही है, जो ताबड़तोड़ छापेमारी करने में लगी है. पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ 80 से अधिक संदिग्धों को उठाया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक मोकामा इलाके में चप्पे-चप्पे पर सेंट्रल पारा मिलिट्री फोर्स औऱ बिहार पुलिस की तैनाती कर दी गयी है. उस इलाके में सेंट्रल फोर्स की 13 कंपनियों की तैनाती की गयी है. एक कंपनी में करीब सवा सौ जवान होते हैं. यानि 1600 से ज्यादा तो सेंट्रल फोर्स के जवान मोकामा में तैनात हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके अलावा बड़ी संख्या में बिहार पुलिस की टीम भी तैनात की गयी है. बिहार पुलिस के एसटीएफ की दो यूनिट मोकामा में तैनात की गयी है. वहीं, पटना पुलिस के क्विक रेस्पांस टीम की 4 टीम वहां मौजूद है.
कुल मिलाकर दो हजार से ज्यादा जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी है. बिहार पुलिस मुख्यालय ने पटना ग्रामीण एसपी के साथ एक दर्जन से ज्यादा डीएसपी रैंक के अधिकारियों को मोकामा भेजा है. उनके नेतृत्व में लगातार छापेमारी की जा रही है.
बिहार पुलिस ने कहा है कि घटना के संबंध में ढेर सारे वीडियो फुटेज मिले हैं. सारे वीडियो फुटेज की पड़ताल की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके पास घटना के संबंध में कोई वीडियो फुटेज हो तो उसे पुलिस को उपलब्ध करायें.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह कि गिरफ्तारी हो चुकी है. अनंत सिंह को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उनको 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.








