मोकामा- गुरुवार को टाल इलाके में हुई गोलीबारी और हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है. इस घटना में जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हो गई है. इस घटना में जेडीयू के प्रत्याशी और बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह मुख्य आरोपी बनाए गए हैं.
मृतक दुलारचंद यादव के पोते के बयान पर पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज की. इसमें अनंत सिंह, उनके भतीजे रणवीर और कर्मवीर सहित कुल पांच लोगों को नामजद किया गया है. प्राथमिकी में आरोप है कि अनंत सिंह के समर्थकों ने पहले गोली चलाई और फिर गाड़ी चढ़ाकर दुलारचंद यादव की हत्या कर दी.
जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वे चुनाव प्रचार से लौट रहे थे और उनकी गाड़ियां आगे निकल चुकी थीं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पीछे की गाड़ियों पर जन सुराज समर्थकों ने हमला किया. अनंत सिंह ने इसे आरजेडी नेता सूरजभान सिंह की राजनीतिक साजिश बताया, हालांकि सूरजभान ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
बता दें घटना गुरुवार को मोकामा के तारतर गांव के पास हुई. दो गुटों के बीच झड़प और मारपीट के बाद पुलिस ने मौके से दो-तीन गाड़ियां बरामद कीं, जिनके शीशे टूटे हुए थे. एक गाड़ी में दुलारचंद यादव का शव मिला.








