पटना- सीएम फेस घोषित होने के बाद तेजस्वी यादव ने आज बड़ा बयान दिया है. तेजस्वी ने कहा कि गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा, महिलाओं को आर्थिक सहयोग देने वाली योजनाएं बिना रिश्वत के लागू होंगी और भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस रहेगा. उन्होंने साफ कहा,“तेजस्वी की परछाई भी गलत काम करेगी, तो उसको भी सजा दिलाऊंगा.”
तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर बिहार की जनता उन्हें सिर्फ 20 महीने का मौका दे दे, तो वे वो सब कर दिखाएंगे जो एनडीए की सरकार 20 सालों में नहीं कर पाई.
तेजस्वी यादव ने भ्रष्टाचार और अपराध के मुद्दे पर खुद को कठोर नेता के रूप में पेश किया. उन्होंने कहा कि बिहार में कानून- व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है, “कोई ऐसा दिन नहीं जब 200 राउंड गोलियां नहीं चलती हों. अपराध बढ़ रहा है, लेकिन करप्शन और अपराध पर मैं कभी समझौता नहीं करूंगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तेजस्वी ने अपने भाषण में बार-बार एनडीए को “विजनहीन और नकलची सरकार” बताया. उन्होंने कहा, “हमने माई-बहन योजना बनाई, तो इन्होंने रिश्वत देकर 10 हजार का लोन देने का खेल शुरू कर दिया.
हमने पेंशन योजना की बात की, तो वो भी वही करने लगे. ये लोग थके हुए हैं, इनके पास कोई नई सोच नहीं है, बस हमारी योजनाओं की नकल करते हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी और जेडीयू की सरकार जनता के मुद्दों से कट चुकी है, और सिर्फ कुर्सी बचाने की राजनीति कर रही है. तेजस्वी बोले, “इनके पास सिर्फ एक एजेंडा है — कुर्सी, कुर्सी और कुर्सी. लेकिन हमारे पास बिहार बदलने का विजन है.
तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में कहा, “हम हर जाति, हर धर्म के नौजवानों को साथ लेकर चलना चाहते हैं. कोई माई का लाल नहीं है जो हमारे संविधान को बदले या आरक्षण खत्म करे. हम किसी को दंगा नहीं करने देंगे. नया बिहार तभी बनेगा जब सब साथ आएंगे.”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








