धनबाद- धनबाद के जोगता थाना क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में एक दंपती और उनकी दो साल की बच्ची का शव बरामद किया गया है. घटना जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ स्थित न्यू साइडिंग नंबर वन कॉलोनी में हुई.
मृतकों में 26 वर्षीय राजा अंसारी, उनकी पत्नी 21 वर्षीय अमीना खातून और 2 वर्षीय बच्ची मायरा शामिल है. उनकी मौत कैसे हुई है, इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा अंसारी कुछ दिन पहले ही अपनी पत्नी और बेटी के साथ किराए के मकान में रहने आए यहां थे. पहले वह अपने माता-पिता के साथ रहते थे. राजा राजमिस्त्री का काम करते थे. मंगलवार की रात वह कतरास से काम से घर लौटे थे. उस दौरान उनके हाथ में सब्जियों से भरा एक प्लास्टिक का थैला था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद, जब पुलिस उनके घर पहुंची, तो तीनों के शव मिले. प्लास्टिक की थैलियों में भरी सब्जियां और एक पीला तरल पदार्थ मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. जहां अमीना खाना बना रही थी, वहां हीटर लगे थे.
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत की बात कही जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि बच्ची हीटर के संपर्क में आ गई, जिसे उसकी मां बचाने की कोशिश कर रही थी.
इस दौरान मां भी करंट की चपेट में आ गई. जब पति राजा अंसारी पहुंचा, तो उसने अपनी पत्नी और बेटी को बचाने की कोशिश की, जिससे वे भी करंट की चपेट में आ गए. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक मौत के असली कारण का पता लगाना मुश्किल है. पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








