बिहार- बिहार के बांका के मदुसूदन मंदिर बौसी में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि उनका संगठन आगामी चुनाव में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के इस बयान ने राज्य की राजनीतिक और धार्मिक बहस को फिर से गर्मा दिया है. उनके समर्थक इसे गौ रक्षा के प्रति जागरूकता और आगामी चुनाव में मतदान को लेकर एक सशक्त संदेश मान रहे हैं.
शंकराचार्य ने बिहार चुनाव में भाग लेने और हर विधानसभा सीट पर अपने निर्दलीय प्रत्याशी उतारने की घोषणा करते हुए कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलना चाहिए और गौ हत्या को सख्त दंड का प्रावधान होना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का समर्थन किया और कथावाचकों पर नियंत्रण के लिए शंकराचार्यों को अधिकार वापस लौटाने की मांग उठाई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, ‘गौ माता की रक्षा करने वाले मतदाता हमे वोट देंगे. जब सरकार में नहीं थे, तब गौ माता की रक्षा की बात होती थी, लेकिन अब तो बोलना भी उचित नहीं समझते. आज गौ माता काटी जा रही है और सरकार उन लोगों से चंदा लेती है जो गौ हत्या कर रहे हैं.’
बता दें कि अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने लगातार भारत में लोकतंत्र की बजाय राजतंत्र की वकालत करते नजर आ रहे हैं. उनका कहना था कि हिंदू बहुसंख्यक होने के बावजूद देश में वे अक्सर दूसरे दर्जे के नागरिक बन गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों के लिए सैंकड़ों योजनाएं बनाई जाती हैं, जबकि 100 करोड़ सनातन हिंदुओं की समस्याओं को नजरअंदाज किया जाता है.








